ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार, ICC ने पाकिस्तान को दी चेतावनी

आईसीसी ने यह भी कहा कि उसे इस बारे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

 सांकेतिक चित्र सांकेतिक चित्र / File/ICC

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने कहा कि आगामी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार करने का पाकिस्तान का फैसला वैश्विक क्रिकेट की निष्पक्षता को कमजोर करता है, जिसके देश में खेल पर दीर्घकालिक प्रभाव देखे जा सकते हैं। 

गवर्निंग बॉडी ने यह बयान पाकिस्तान सरकार की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए एक पोस्ट के बाद जारी किया, जिसमें कहा गया था कि उसने पाकिस्तानी टीम को टूर्नामेंट के लिए श्रीलंका के यात्रा की अनुमति दे दी है, लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के विरुद्ध होने वाले मुकाबले में न खेलने का फैसला किया है, हालांकि इसका कोई कारण नहीं बताया गया। आईसीसी ने यह भी कहा कि उसे इस बारे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। 

बयान में कहा गया, "ICC ने पाकिस्तान सरकार के उस बयान पर गौर किया है जिसमें उसने अपनी नेशनल टीम को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में चुनिंदा रूप से हिस्सा लेने का निर्देश दिया है। हालांकि आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहा है, लेकिन चुनिंदा रूप से हिस्सा लेने की यह स्थिति एक ग्लोबल खेल आयोजन के मूल सिद्धांत के साथ मेल नहीं खाती, जहां सभी योग्य टीमों से इवेंट शेड्यूल के अनुसार समान शर्तों पर प्रतिस्पर्धा करने की उम्मीद की जाती है।"

ICC ने कहा, "ICC टूर्नामेंट खेल की अखंडता, प्रतिस्पर्धा, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं। चुनिंदा रूप से हिस्सा लेना प्रतियोगिताओं की भावना और पवित्रता को कमजोर करता है। हालांकि ICC राष्ट्रीय नीति के मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करता है, लेकिन यह फैसला ग्लोबल खेल या दुनिया भर के फैंस के हित में नहीं है, जिसमें पाकिस्तान के लाखों लोग शामिल हैं।"

बयान में कहा गया, "ICC उम्मीद करता है कि पीसीबी अपने देश में क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण और लंबे समय तक चलने वाले परिणामों पर विचार करेगा, क्योंकि इससे ग्लोबल क्रिकेट इकोसिस्टम पर असर पड़ने की संभावना है, जिसका वह खुद एक सदस्य और लाभार्थी है। आईसीसी की प्राथमिकता ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप का सफल आयोजन बनी हुई है, जो PCB सहित इसके सभी सदस्यों की भी जिम्मेदारी होनी चाहिए। उम्मीद है कि PCB एक ऐसा समाधान तलाशेगा, जो सभी स्टेकहोल्डर्स के हितों की रक्षा करे।"

यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि अगर टीमें नॉकआउट मुकाबलों में आमने-सामने रहती हैं, तो फिर क्या होगा? 24 जनवरी को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाए जाने के बाद PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा कि सरकार आखिरी फैसला लेगी, जिसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी पर संदेह के बादल छा गए थे।

सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश को बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।

पाकिस्तान ग्रुप-ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (यूएसए) के साथ है। पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में होने हैं, जो भारत के साथ टूर्नामेंट की सह-मेजबानी कर रहा है। पाकिस्तान 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।

अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करता है तो उसे दो अंक गंवाने पड़ सकते हैं। ICC की खेल शर्तों के अनुसार, बहिष्कार की स्थिति में पाकिस्तान का नेट रन रेट भी प्रभावित होगा। क्लॉज 16.10.7 के तहत, बहिष्कार होने पर डिफॉल्ट करने वाली टीम की पारी के पूरे 20 ओवर उस मुकाबले में माने जाएंगे और इन्हें प्रतियोगिता के संबंधित चरण में टीम के औसत रन प्रति ओवर की गणना में शामिल किया जाएगा।


अन्य खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें न्यू इंडिया अब्रॉड

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?