दीप्ति शर्मा / Instagram (Deepti Sharma)
भारतीय टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 64 रनों से हराया। टीम की इस जीत की नायक दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट निकाले।
दीप्ति ने अपने इस स्पेल के साथ ही बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। दीप्ति ने पाकिस्तान की बल्लेबाज नाशरा संधू का विकेट लेने के साथ ही यह मुकाम हासिल किया।
दीप्ति क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अब तक खेले 145 मुकाबलों में 166 विकेट निकाल चुकी हैं। उन्होंने इस मामले में थाईलैंड की गेंदबाज थिपाचा पुत्थावोंग को पीछे छोड़ दिया है। थिपाचा ने टी20 इंटरनेशनल में खेले 105 मुकाबलों में 165 विकेट चटकाए हैं।
दीप्ति ने महिला टी20 विश्व कप में भारत की ओर से सबसे बेहतरीन स्पेल फेंकने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। दीप्ति से पहले यह रिकॉर्ड रेणुका ठाकुर के नाम था, जिन्होंने साल 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन देकर 5 विकेट निकाले थे।
इसके साथ ही दीप्ति इंटरनेशनल क्रिकेट में 350 विकेट पूरे करने वाली दूसरी गेंदबाज बनीं। पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट लेने के बाद दीप्ति अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 354 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं। इस लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ भारत के पूर्व गेंदबाज झूलन गोस्वामी हैं, जिन्होंने 355 विकेट चटकाए हैं।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 170 रन लगाए। टीम की ओर से स्मृति मंधाना ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रनों का योगदान दिया।
वहीं, ऋचा घोष ने महज 17 गेंदों का सामना करते हुए 34 रनों की दमदार पारी खेली। 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन बनाकर सिमट गई। रनों के लिहाज से भारतीय टीम की यह महिला टी20 विश्व कप में पांचवीं सबसे बड़ी जीत है।
अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें न्यू इंडिया अब्रॉड
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login