व्हाइट हाउस में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान US के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाथ मिलाते हुए। / REUTERS/Kevin Lamarque/File Photo
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व शैली की प्रशंसा करते हुए दावा किया है कि पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंध भारत-अमेरिका रिश्तों की आधारशिला हैं। उन्होंने दोनों नेताओं को नतीजों पर केंद्रित बताते हुए कहा कि दोनों की कार्यशैली और सोच काफी हद तक एक जैसी है।”
व्हाइट हाउस में आईएएनएस को दिए विशेष साक्षात्कार में गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों में किसी भी तरह के तनाव की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों नेताओं की मित्रता वर्षों से मजबूत बनी हुई है।
भारत-अमेरिका संबंधों की मौजूदा स्थिति पर पूछे गए सवाल के जवाब में गोर ने कहा, "मेरा मानना है कि हमारे संबंध बहुत अच्छी स्थिति में हैं। इस रिश्ते की सबसे बड़ी मजबूती राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच का व्यक्तिगत संबंध है, जो हमेशा मजबूत रहा है।"
उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री बहुत अच्छे मित्र हैं। उनकी यह दोस्ती कई वर्षों पुरानी है और आने वाले वर्षों में भी इसी तरह बनी रहेगी।"
गोर ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच नियमित संवाद ने द्विपक्षीय संबंधों को सकारात्मक दिशा में बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा, "भारत पहुंचने के बाद से मेरा लक्ष्य यही रहा है कि दोनों पक्ष लगातार बातचीत करते रहें, रिश्तों को आगे बढ़ाएं और ऐसे अवसर तलाशें जो दोनों देशों के लिए समान रूप से लाभकारी हों।"
हाल ही में फ्रांस में हुई राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात का जिक्र करते हुए गोर ने बताया कि वह भी उस बैठक में मौजूद थे।
उन्होंने कहा, "यह एक शानदार और बेहद सौहार्दपूर्ण बैठक थी, जो एक घंटे से अधिक समय तक चली। दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा और कई अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। यह बेहद सार्थक बैठक रही।"
प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए गोर ने कहा, "वह बेहद ऊर्जावान, सक्रिय और परिणाम देने वाले नेता हैं। कई मायनों में मुझे उनमें और राष्ट्रपति ट्रंप में काफी समानताएं दिखाई देती हैं, क्योंकि दोनों खुद काम में सक्रिय रहते हैं, तेजी से फैसले लेते हैं और परिणाम हासिल करने पर जोर देते हैं।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी किसी काम को पूरा करना चाहते हैं तो तुरंत उस पर आगे बढ़ते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप भी बिल्कुल इसी तरह काम करते हैं। मेरा मानना है कि यही उनकी दोस्ती और रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है। दोनों की सोच मिलती-जुलती है और दोनों परिणाम देना चाहते हैं।"
राष्ट्रपति ट्रंप के भारत को लेकर दृष्टिकोण पर पूछे गए सवाल के जवाब में गोर ने कहा कि ट्रंप आज भी भारत और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति बेहद सकारात्मक सोच रखते हैं।
उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप भारत के प्रति बेहद सकारात्मक हैं। भारत के साथ हमारे संबंध बहुत गहरे और लंबे समय से चले आ रहे हैं। वह हमेशा प्रधानमंत्री मोदी को अपना अच्छा मित्र बताते रहे हैं।"
गोर ने कहा कि ट्रंप आज भी अपनी पहली भारत यात्रा को याद करते हैं और भारत की ऊर्जा तथा यहां के लोगों से काफी प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा, "वह अक्सर अपनी पहली भारत यात्रा और वहां की जीवंतता का जिक्र करते हैं। यह अनुभव वह कभी नहीं भूले हैं।"
अमेरिकी राजदूत ने संकेत दिया कि प्रधानमंत्री मोदी का निमंत्रण मिलने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप भारत आने के इच्छुक हैं।
उन्होंने कहा, "मैं अभी राष्ट्रपति ट्रंप से ओवल ऑफिस में मुलाकात करके आया हूं। उन्होंने मुझसे पूछा, 'तो मैं भारत कब आ रहा हूं?' वह भारत आने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें आमंत्रित किया है।"
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच व्यक्तिगत तालमेल दोनों नेताओं के कार्यकाल में भारत-अमेरिका संबंधों की एक प्रमुख विशेषता रहा है। दोनों देशों ने व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी, हिंद-प्रशांत क्षेत्र, आर्थिक सहयोग, सुरक्षा और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित कई क्षेत्रों में साझेदारी को लगातार मजबूत किया है। दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच नियमित संवाद भी जारी है।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login