ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

अमेरिकी अदालत ने अडानी के खिलाफ आपराधिक आरोप हटाए

इस फैसले से धोखाधड़ी और रिश्वतखोरी के कथित मामले में लगभग दो साल से चल रही कार्यवाही खत्म हो गई।

 गौतम अडानी गौतम अडानी / GAUTAM ADANI VIA X

अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा 10 अगस्त को धोखाधड़ी और रिश्वतखोरी का मामला वापस लेने का फैसला करने के बाद एक अमेरिकी जज ने भारतीय अरबपति गौतम अडानी के खिलाफ आपराधिक आरोप खारिज कर दिए।

ब्रूकलिन स्थित अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट (ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ़ न्यूयॉर्क) के डिस्ट्रिक्ट जज निकोलस गैराफिस ने सोमवार को न्याय विभाग की उस अर्जी को मंजूरी दे दी, जिसमें अडानी ग्रुप के दो अधिकारियों - सागर अडानी और अडानी ग्रीन के पूर्व CEO विनीत जैन - के खिलाफ आरोप खारिज करने की मांग की गई थी।

यह भी पढ़ें: भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने न्यू इंग्लैंड में मनाया 'इंडिया डे', समुदाय उत्साहित

लेकिन जज ने पांच अन्य सह-आरोपियों के खिलाफ दो आरोपों को खारिज करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि न्याय विभाग (DOJ) ऐसा करने के लिए कोई ठोस वजह नहीं बता पाया। इस कदम के साथ ही धोखाधड़ी और रिश्वतखोरी के कथित मामले में लगभग दो साल से चल रही कानूनी कार्यवाही खत्म हो गई।

अडानी पर 2024 में ब्रूकलिन में संघीय अभियोजकों ने धोखाधड़ी और रिश्वतखोरी की एक बड़ी योजना में कथित भूमिका के लिए आरोप लगाए थे। उन पर अमेरिकी निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने और देश का सबसे बड़ा सोलर पावर प्लांट बनाने का ठेका हासिल करने के लिए भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने का आरोप था। न्याय विभाग ने मई में कहा था कि वह अब इस मामले को आगे नहीं बढ़ाएगा।

जज ने न्याय विभाग के फैसले के बारे में पूछताछ की, जिसमें यह भी शामिल था कि क्या अडानी का नवंबर 2024 में अमेरिका में 10 अरब डॉलर का निवेश करने का वादा, आरोप वापस लेने के फैसले की एक वजह थी।

13 नवंबर 2024 को, अडानी ने तत्कालीन नवनिर्वाचित राष्ट्रपति को फिर से बधाई दी और अमेरिका में 10 अरब डॉलर का निवेश करने की अपनी प्रतिबद्धता की घोषणा की। अडानी के खिलाफ आरोप खारिज करते हुए, गैराफिस ने कहा कि उन्हें इस बात का यकीन है कि निवेश का वादा न्याय विभाग के फैसले का आधार नहीं था। उन्होंने यह भी माना कि आरोप वापस लेने के संघीय अभियोजकों के फैसलों की समीक्षा करने में जजों की भूमिका सीमित होती है।

हालांकि, 47 पन्नों के फैसले में गैराफिस ने कहा कि धोखाधड़ी और रिश्वतखोरी का मामला वापस लेने का न्याय विभाग का फैसला चिंताजनक था। गैराफिस ने प्रिंसिपल एसोसिएट डिप्टी अटॉर्नी जनरल ट्रेंट मैककॉटटर की आलोचना की और कहा कि मामला खारिज करने की कोशिश के लिए वही पूरी तरह जिम्मेदार हैं। गैराफिस ने लिखाकि आरोप पत्र खारिज करने के फैसले में अनियमितताएं चिंताजनक हैं।



X पर पोस्ट किए गए एक बयान में गौतम अडानी ने कहा कि मैं अमेरिकी अदालत के फैसले का विनम्रता और न्यायिक प्रक्रिया के प्रति गहरे सम्मान के साथ स्वागत करता हूं। मैं उन लोगों का बहुत आभारी हूं जिन्होंने हम पर, सिस्टम पर और न्याय के लिए भारत की क्षमता पर कभी भरोसा नहीं खोया।

अडानी ने कहा कि हम वह काम करते रहेंगे जो मायने रखता है। अपने देश के लिए निर्माण करना, ऐसी वैल्यू बनाना जो हमारे बाद भी बनी रहे और खुद से बढ़कर किसी मकसद के लिए काम करना।

पिछले हफ्ते, U.S. सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन ने अडानी और उनके भतीजे सागर के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों को एक अलग सिविल केस में वापस लेने का कदम उठाया, जब वे कुल 18 मिलियन डॉलर का सेटलमेंट करने पर सहमत हुए।

इस समझौते में आरोपों को न तो माना गया और न ही नकारा गया, लेकिन इसमें अडानी परिवार को भविष्य में अमेरिका के धोखाधड़ी-रोधी कानूनों (जैसे निवेशकों को धोखा देना, सिक्योरिटीज फ्रॉड और मार्केट में हेरफेर) का उल्लंघन करने से रोका गया।

इसके अलावा, सोमवार को अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (OFAC) ने घोषणा की कि अडानी एंटरप्राइजेज ईरान पर अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कथित उल्लंघन के लिए कंपनी के खिलाफ एक सिविल केस को सुलझाने पर सहमत हो गई है।

अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें न्यू इंडिया अब्रॉड
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?